छत्तीसगढ़

कुनकुरी में निकली हेलमेट जागरूकता रैली, कौशल्या साय ने दिखाई हरी झंडी

जशपुर जिले के कुनकुरी में शुक्रवार सुबह सड़क सुरक्षा को लेकर वृहद हेलमेट जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कौशल्या साय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की। उन्होंने कहा, “हम बदलेंगे तो युग बदलेगा” और लोगों से जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि दुर्घटनाएं कभी भी हो सकती हैं, इसलिए सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। वहीं डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि वर्ष 2025 में जिले में 459 सड़क दुर्घटनाओं में 311 लोगों की मौत हुई, जिनमें अधिकांश मामलों में हेलमेट का उपयोग नहीं किया गया था।

कार्यक्रम में लोगों को यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई। जशपुर पुलिस ने बताया कि जिले में आगे भी सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान लगातार चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button