खरसोता में अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामवासियों ने किया योगाभ्यास योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की कला : ग्रामीणों को किया जागरूक

सुशासन तिहार के अंतर्गत जशपुर जिले के सभी विकासखंडों की चिन्हांकित ग्राम पंचायतों में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविरों से पूर्व सुबह के समय योगाभ्यास, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्यों के साथ युवाओं के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन भी किया जा रहा है।
इसी कड़ी में 8 मई को मनोरा विकासखंड के ग्राम खरसोता में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामवासियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इस दौरान लोगों को नियमित रूप से अपनी दिनचर्या में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर बताया गया कि योग शरीर को स्वस्थ रखने का एक प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शरीर मजबूत बनता है तथा मांसपेशियां और हड्डियां स्वस्थ रहती हैं। योग मानसिक शांति प्रदान करता है और तनाव, चिंता व क्रोध को कम कर मन को शांत एवं प्रसन्न बनाए रखता है।
योग से एकाग्रता और स्मरण शक्ति में भी वृद्धि होती है। नियमित अभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, जिससे बीमारियों से बचाव होता है। वहीं प्राणायाम से फेफड़े मजबूत होते हैं और श्वास संबंधी समस्याओं में लाभ मिलता है।
योग करने से शरीर में ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है तथा दिनभर ताजगी महसूस होती है। साथ ही यह अच्छी और गहरी नींद लाने में भी सहायक होता है।
ग्रामीणों को बताया गया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की कला है।



