सियान गुड़ी बना वरिष्ठ नागरिकों का सहारा, 94 बुजुर्ग पंजीकृत, 32 को मिल रही फिजियोथेरेपी सुविधा

जशपुरनगर। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के नेतृत्व में जशपुर जिले में वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित “सियान गुड़ी” बुजुर्गों के लिए सहारा बनता जा रहा है। समाज कल्याण विभाग की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत जिले के 94 वरिष्ठ नागरिक पंजीकृत हैं, जिनमें से 32 बुजुर्गों को नियमित रूप से फिजियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

सियान गुड़ी में जिला अस्पताल की चिकित्सकीय टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान चिकित्सा अधिकारी, मनोवैज्ञानिक, साइकेट्रिक नर्स और लैब तकनीशियन की टीम ने नशामुक्ति केंद्र एवं सियान गुड़ी के हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण और रक्त जांच की। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सलाह, परामर्श और काउंसिलिंग भी दी गई।

वरिष्ठ नागरिकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया।

सियान गुड़ी में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से वरिष्ठ नागरिक विभिन्न सामाजिक एवं मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं। वहीं शाम 6 बजे संस्था के कर्मचारियों और पंजीकृत बुजुर्गों की मौजूदगी में सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया जाता है।

समाज कल्याण विभाग ने जिले के अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिकों से सियान गुड़ी पहुंचकर योजना का लाभ लेने की अपील की है।



