मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर कुनकुरी को बड़ी सौगात, 5 एमवीए का नया पावर ट्रांसफार्मर और अतिरिक्त 11 केवी फीडर हुआ शुरू

जशपुर – मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के निर्देश पर विद्युत अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में कुनकुरी क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कुनकुरी में 3.15 एमवीए क्षमता के पुराने पावर ट्रांसफार्मर के स्थान पर 5 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया है। इसके साथ ही कुनकुरी नगर के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित अतिरिक्त 11 केवी फीडर का निर्माण एवं चार्जिंग कार्य भी पूरा कर लिया गया है।

विद्युत विभाग के अनुसार नए ट्रांसफार्मर की स्थापना के लिए कई तकनीकी और संरचनात्मक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कार्यस्थल पर पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने के लिए दो डीपी को स्थानांतरित किया गया, अनुपयोगी नियंत्रण कक्ष को हटाया गया तथा पुराने ट्रांसफार्मर प्लिंथ की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य किया गया। सभी आवश्यक तैयारियों के बाद ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसफार्मर की क्षमता 3.15 एमवीए से बढ़ाकर 5 एमवीए किए जाने से क्षेत्र की बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में सहायता मिलेगी। वहीं अतिरिक्त 11 केवी फीडर शुरू होने से कुनकुरी नगर में विद्युत भार का बेहतर प्रबंधन हो सकेगा, ओवरलोडिंग की समस्या में कमी आएगी तथा उपभोक्ताओं को अधिक सुचारू और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
स्थानीय नागरिकों और विद्युत उपभोक्ताओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे कुनकुरी क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। माना जा रहा है कि इस उन्नयन से आने वाले समय में क्षेत्र के घरेलू, व्यावसायिक और संस्थागत उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सुविधाएं उपलब्ध होंगी।



