अंधविश्वास ने एक बार फिर 4 वर्षीय मासूम की ली जान…

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में अंधविश्वास ने एक बार फिर मासूम की जान ले ली। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम दीवानपुर में करैत सांप के डंसने से 4 वर्षीय कार्तिक मांझी की मौत हो गई। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय करीब तीन घंटे तक झाड़-फूंक कराते रहे। हालत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम घर में सो रहे कार्तिक को करैत सांप ने डंस लिया। परिजन पहले झाड़-फूंक कराने ले गए और काफी देर बाद सिविल अस्पताल पत्थलगांव पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। बीएमओ डॉ. जेम्स मिंज ने बताया कि अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध है और सर्पदंश होने पर बिना समय गंवाए मरीज को तुरंत अस्पताल लाना चाहिए। वहीं एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने भी बरसात के मौसम में सतर्क रहने और झाड़-फूंक के बजाय तत्काल चिकित्सा लेने की अपील की।



